इफको द्वारा किसान सभा व निःशुल्क कंबल वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन


महासमुंद, 18 जनवरी 2025 : ग्राम धनापाली विकासखंड बसना , जिला महासमुंद में इफको के तत्वावधान में किसान सभा व निःशुल्क कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसे इफको महासमुंद के क्षेत्रीय अधिकारी श्री साजिद रज़ा एवं इफको बाजार आरंग के सेल्स ऑफिसर श्री तिलेश पटेल द्वारा संचालित इया गया। कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि श्री भुनेश्वर पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी श्री साजिद रज़ा द्वारा किसानों को परंपरागत दानेदार उर्वरकों की मात्रा कम कर इफको नैनो यूरिया, नैनो डीएपी एवं साथ -साथ नैनो जिंक एवं नैनो कॉपर के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि नैनो उर्वरकों के प्रयोग से कम मात्रा में अधिक प्रभावी पोषण प्राप्त होता है, जिससे उत्पादन लागत में कमी आती है तथा पर्यावरण और मिट्टी की सेहत सुरक्षित रहती है।इसके साथ ही फसलों से निकलने वाले अवशेष (नरवाई) एवं घरों से निकलने वाले जैविक कचरे को जलाने के बजाय इफको बायो-डीकंपोजर के उपयोग की जानकारी दी गई।

बायो-डीकंपोजर के उपयोग का सही समय, विधि एवं मात्रा को विस्तार से समझाया गया, जिससे फसल अवशेष शीघ्र सड़कर जैविक खाद में परिवर्तित हो सकें और वायु प्रदूषण से बचाव हो।कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि दानेदार उर्वरकों के अत्यधिक एवं निरंतर उपयोग से मिट्टी में पाए जाने वाले लाभदायक सूक्ष्म जीवों की संख्या में कमी देखी जा रही है, जो दीर्घकाल में मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित करती है। इस समस्या के समाधान हेतु इफको एनपीके कंसोर्टिया के उपयोग पर जोर दिया गया तथा बताया गया कि इसके प्रयोग से लाभदायक जीवाणुओं की संख्या बढ़ती है, पोषक तत्वों की उपलब्धता सुधरती है और भूमि की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहती है। इसके अतिरिक्त किसानों को संकटहरण बीमा योजना की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सरपंच प्रतिनिधि एवं इफको अधिकारियों द्वारा उपस्थित 40 महिला एवं पुरुष किसानों को निःशुल्क कंबल वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस किसान सभा के माध्यम से किसानों को मिट्टी संरक्षण, जैविक संतुलन बनाए रखने एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए जागरूक किया गया।











