राज्य

जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा संतुलित उर्वरक उपयोग पर किसानों को किया गया जागरूक

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा खेत बचाओ अभियान-रबी 2026

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान-रबी 2026 के अंतर्गत आज जिला बेमेतरा के साजा विकासखंड की ग्राम पंचायत पदमी में किसान जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गांव के 25 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिक डॉ. एल. एल. खरबिकर एवं डॉ. अजय वर्मा ने किसानों को आधुनिक, टिकाऊ एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, उर्वरकों के संतुलित एवं उचित उपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने पर विशेष जोर दिया।

तकनीकी व्याख्यानों के माध्यम से किसानों को बताया गया कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, कृषि लागत कम करने तथा फसल उत्पादन की गुणवत्ता एवं स्थिरता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है। इसके साथ ही किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद भी आयोजित किया गया, जिसमें किसानों ने खेती से संबंधित अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को साझा किया तथा वैज्ञानिकों से उपयोगी सुझाव प्राप्त किए।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पदमी की सरपंच श्रीमती हेमलता सिन्हा की उपस्थिति रही।

संस्थान द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, जल संरक्षण तथा जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना है, ताकि खेती को अधिक टिकाऊ, लाभकारी एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

Chhattisgarh Krishi Vaniki

’’छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी’’ मासिक पत्रिका जो ग्रामीण एवं कृषि विकास पर आधारित है, जिसका प्रकाशन निरंतर रायपुर से किया जा रहा है ’’छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी’’ में तकनीकी आलेख एवं रचनात्मक समाचारों को प्रमुखता से स्थान दिया जाता है। इस पत्रिका का पाठक विशेष कर छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में फैला हुआ है तथा ग्रामीण अंचलों में जागरूकता का छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी सशक्त माध्यम है। ’’छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी’’ एक ऐसी पत्रिका है जो सुदूर अंचलों के किसानों को कृषि, वानिकी, पषुपालन, मत्स्य पालन, वनोऔषधि आदि की नई तकनीकी जानकारी के साथ-साथ राज्य शासन की जनहितकारी नीतियों, निजी क्षेत्र के उद्यमियों के गतिविधियों/कार्यो की जानकारी उपलब्ध कराती है।

Related Articles

Back to top button