Uncategorized

सहकारिता दिवस पर पैक्स लिमतरा में एकदिवसीय प्रशिक्षण व सामूहिक वृक्षारोपण का कार्यक्रम – धमतरी

"सहकार से समृद्धि" सहकारिता दिवस का संकल्प

धमतरी, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता स्थापना दिवस सप्ताह के पंचम दिवस 5 जुलाई 2025 को जिला सहकारी संघ धमतरी द्वारा पैक्स परिसर लिमतरा में एकदिवसीय प्रशिक्षण पश्चात परिचर्चा के साथ ही सामूहिक वृक्षारोपण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पैक्स लिमतरा के प्राधिकृत अधिकारी आनंद चंद्राकर, सरपंच श्रीमती भुवनेश्वरी साहू, इफको उप प्रबंधक रायपुर दिनेश गांधी, फील्ड ऑफिसर इफको धमतरी लाल बहादुर सिंह, जिला सहकारी संघ धमतरी के प्राधिकृत अधिकारी सीपी साहू, पूर्व अध्यक्ष जिला संघ टेमनलाल साहू, प्रवक्ता डॉक्टर ए.एन. दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर इफको फील्ड ऑफिसर लाल बहादुर सिंह ने कहा की यूरिया के अत्यधिक प्रयोग के कारण भूजल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। जिससे नई-नई बीमारियां फैल नहीं है। पौधा छोटा रहने पर दानेदार यूरिया तथा बाद में नैनो यूरिया प्रयोग करें। इफको के खाद खरीदने पर कृषकों को मुफ्त दुर्घटना बीमा का लाभ मिलता है। उपप्रबंधक इफको दिनेश गांधी ने कहा कि इफको भी एक सहकारी संस्था है, जो विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का उत्पादन कर कृषकों को उपलब्ध कराती है। सभी समितियो के द्वारा इफको के अध्यक्ष का चयन किया जाता है। नैनो की एक बोतल एक बोरी खाद के बराबर होती है, इससे बोरी वाली खाद की आवश्यकता 75% तक कम हो जाती है। इसका परिवहन और प्रयोग भी आसान है। सरपंच श्रीमती साहू ने कृषकों को इस कार्यक्रम में दिए जाने वाले जानकारी का लाभ उठाने को कहा। पैक्स प्राधिकृत अधिकारी चंद्राकर ने कृषकों को समिति से जुड़ने व इसके लाभ से अवगत कराया। पूर्व अध्यक्ष जिला संघ टेमनलाल साहू ने सहकारिता का उद्भव एवं इतिहास तथा भारत में सहकारिता का विधिवत आगमन पर जानकारी दी। संघ के प्राधिकृत अधिकारी साहू ने सहकार से समृद्धि के लिए युवक बुनकर समिति से जुड़कर कपड़ा बुनने का मुफ्त प्रशिक्षण एवं छात्रवृत्ति प्राप्त करने के साथ गोपालन के विकास के लिए गायों की नस्ल सुधारने एवं उन्हें पोषक आहार देने प्रेरित किया तथा भविष्य को ध्यान में रखकर जैविक खेती को अपनाकर भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनने आव्हान किया।

प्रवक्ता डॉक्टर दीक्षित ने कहा कि सहकारिता दिवस प्रत्येक वर्ष जुलाई माह के पहले शनिवार को मनाया जाता है, क्योंकि वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, अतः इस वर्ष के सहकारिता दिवस का विशेष महत्व हो जाता है। दिवस मनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य यही होता है कि सहकारिता से जुड़े प्रत्येक कार्यकर्ता एवं लाभार्थी सहकारिता के सिद्धांतों का फिर से पठन, मनन करें तथा स्वयं को नए उत्साह के साथ सहकारिता की उन्नति के लिए कार्य करे। लगातार सरकारी प्रयत्नों, प्रचार प्रसार व प्रशिक्षण के बाद भी हमारे देश में सहकारिता के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का अभाव बना हुआ है। इस हेतु समिति के सदस्यों की सक्रियता से ही प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।
कार्यक्रम के सामूहिक परिचर्चा में कृषकों द्वारा इफको अधिकारियों से कृषि संबंधी जानकारी के साथ प्रश्न किए गए, जिनका उनके द्वारा समुचित समाधान किया गया, पश्चात मंचस्थ अतिथियों व कृषकों द्वारा पैक्स परिसर में एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संघ प्रबंधक आनंद प्रकाश गुप्ता व आभार प्रदर्शन पैक्स लिमतरा प्रबंधक प्रेम कुमार साहू ने किया।

Chhattisgarh Krishi Vaniki

’’छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी’’ मासिक पत्रिका जो ग्रामीण एवं कृषि विकास पर आधारित है, जिसका प्रकाशन निरंतर रायपुर से किया जा रहा है ’’छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी’’ में तकनीकी आलेख एवं रचनात्मक समाचारों को प्रमुखता से स्थान दिया जाता है। इस पत्रिका का पाठक विशेष कर छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में फैला हुआ है तथा ग्रामीण अंचलों में जागरूकता का छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी सशक्त माध्यम है। ’’छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी’’ एक ऐसी पत्रिका है जो सुदूर अंचलों के किसानों को कृषि, वानिकी, पषुपालन, मत्स्य पालन, वनोऔषधि आदि की नई तकनीकी जानकारी के साथ-साथ राज्य शासन की जनहितकारी नीतियों, निजी क्षेत्र के उद्यमियों के गतिविधियों/कार्यो की जानकारी उपलब्ध कराती है।

Related Articles

Back to top button