

इफको के तत्वावधान में 28 सितम्बर 2024 को ग्राम डोंगानाला ब्लाक पाली जिला कोरबा में इफको नैनो उर्वरक उपयोग पर फसल संगोष्ठी का आयोजन डा. एस. के. उपाध्याय, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कार्यक्रम समन्वयक, कृषि विज्ञान केन्द्र कोरबा के मुख्य आतिथ्य एवं इफको राज्य विपणन प्रबंधक आर. के. एस. राठौर के उपस्थिती एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। नैनो उर्वरक उपयोग फसल संगोष्ठी में लगभग 300 ग्रामीण महिला एवं पुरुष कृषकों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र अधिकारी नवीन कुमार तिवारी ने किया।

कार्यक्रम में इफको नैनो यूरिया तरल एवं नैनो डीएपी के उपयोग विधि, फसलोत्पादन में लाभ तथा पर्यावरण अनुकूलता पर विस्तृत जानकारी राज्य विपणन प्रबंधक द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में चर्चा के दौरान ही फसल विविधिकरण के अन्तर्गत गेहूं, सरसों तथा अन्य रबी फसलों को सम्मिलित करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए पर्यावरण पर इससे होने वाले लाभों पर विस्तृत जानकारी डा. एस. के. उपाध्याय द्वारा उपस्थित ग्रामीण किसानों को दिया गया। फसल संगोष्ठी कार्यक्रम में कृषि विभाग पाली कोरबा से आये वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जी. पी. सक्सेना ने शासन की योजनाओं से अवगत कराया।

डा. महिपाल सिंह ने धान फसल में कीट एवं रोग प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी कृषकों को प्रदाय किया। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच एवं एफ.पी.ओ. पाली कोरबा के डायरेक्टर तथा अनिल कश्यप, समिति प्रबंधक पोङी सेवा सह. समिति के साथ जिला कोरबा जिले में इफको द्वारा प्रदत्त ड्रोन के साथ उद्यमी भी उपस्थित थे। ड्रोन का कृषि में उपयोगिता पर विस्तृत रुप से प्रकाश डाला गया।










