राष्ट्रीय

डॉ.पंकज शर्मा भारतीय मानक ब्यूरो की एग्रो-टेक्सटाइल्स समिति के अध्यक्ष नियुक्त

रायपुर : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस  प्रबंधन संस्थान, रायपुर के संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा को उनके विशेषज्ञता, अनुभव और मानकीकरण गतिविधियों में निरंतर योगदान के लिए भारतीय मानक ब्यूरो  की एग्रो-टेक्सटाइल्स TXD 35 समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

एग्रो-टेक्सटाइल्स समिति भारतीय मानक ब्यूरो  के अंतर्गत गठित एक तकनीकी समिति है, जो एग्रो-टेक्सटाइल्स सामग्रियों एवं उत्पादों से संबंधित मानकीकरण कार्यों, जिसमें विनिर्देश, परीक्षण विधियां, तकनीकी शब्दावली तथा गुणवत्ता संबंधी आवश्यकताएं शामिल हैं, पर कार्य करती है। यह समिति एग्रो- टेक्सटाइल्स उत्पादों की गुणवत्ता, प्रदर्शन, सुरक्षा और एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय मानकों के विकास एवं उनके पुनरीक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्रख्यात पादप रोग विज्ञानी डॉ. शर्मा को पादप रोग प्रबंधन, पादप–रोगजनक अंतःक्रिया तथा जैविक स्ट्रेस प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है।  इससे पूर्व वे भारतीय सरसों अनुसंधान संस्थान, भरतपुर में प्रधान वैज्ञानिक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में सहायक प्राध्यापक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।

डॉ. शर्मा ने फ्रांस स्थित रेपसीड एवं कैनोला नवाचार हेतु वैश्विक परिषद GCIRC  तथा FSSAI वैज्ञानिक पैनल  सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक निकायों में योगदान दिया है।   उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, चीन, कनाडा, स्वीडन, फ्रांस और जर्मनी में आयोजित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंचों पर भारतीय अनुसंधान का प्रतिनिधित्व किया है।

डॉ. शर्मा वर्ष 2016 से एग्रो-टेक्सटाइल्स समिति के सक्रिय सदस्य रहे हैं।  अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति भारतीय मानक ब्यूरो  की मानकीकरण गतिविधियों में उनके दीर्घकालिक योगदान और वैज्ञानिक विशेषज्ञता की महत्वपूर्ण पहचान है।

उनके नेतृत्व से समिति के कार्यों को गुणवत्ता मानकों, नवाचार, सतत विकास और वस्त्र क्षेत्र में वैज्ञानिक प्रगति को और मजबूत करने में नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Chhattisgarh Krishi Vaniki

’’छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी’’ मासिक पत्रिका जो ग्रामीण एवं कृषि विकास पर आधारित है, जिसका प्रकाशन निरंतर रायपुर से किया जा रहा है ’’छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी’’ में तकनीकी आलेख एवं रचनात्मक समाचारों को प्रमुखता से स्थान दिया जाता है। इस पत्रिका का पाठक विशेष कर छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में फैला हुआ है तथा ग्रामीण अंचलों में जागरूकता का छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी सशक्त माध्यम है। ’’छत्तीसगढ़ कृषि वानिकी’’ एक ऐसी पत्रिका है जो सुदूर अंचलों के किसानों को कृषि, वानिकी, पषुपालन, मत्स्य पालन, वनोऔषधि आदि की नई तकनीकी जानकारी के साथ-साथ राज्य शासन की जनहितकारी नीतियों, निजी क्षेत्र के उद्यमियों के गतिविधियों/कार्यो की जानकारी उपलब्ध कराती है।

Related Articles

Back to top button