सुशासन तिहार बना आजीविका का सहारा: गंगाराम को मिला मत्स्य जाल और टैंक
दानवखार के हितग्राही को शिविर में मिली त्वरित सहायता, बढ़ेगी आय का अवसर


रायपुर, सुशासन तिहार-2026 के तहत आयोजित समाधान शिविर अब न केवल समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं, बल्कि ग्रामीणों की आजीविका को भी नई दिशा दे रहे हैं। इसी तारतम्य में मुंगेली जिले विकासखण्ड लोरमी के ग्राम छपरवा में आयोजित समाधान शिविर में अचानकमार क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्राम दानवखार निवासी गंगाराम खुसरो को मत्स्य जाल एवं टैंक प्रदान किया गया। गंगाराम खुसरो लंबे समय से मछली पालन कार्य से जुड़े हैं, लेकिन संसाधनों के अभाव में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से जाल नहीं होने के कारण मछली पकड़ना कठिन था और संग्रहण के लिए उचित व्यवस्था भी नहीं थी।
ग्राम छपरवा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में आवेदन मिलने पर प्रशासन द्वारा तत्परता दिखाते हुए उन्हें मत्स्य जाल और टैंक उपलब्ध कराया गया। अब इन संसाधनों के मिलने से मछली पकड़ना आसान हो गया है और टैंक के माध्यम से मछलियों को सुरक्षित रखने में भी सुविधा मिल रही है। गंगाराम ने बताया कि इस सहायता से उनकी आजीविका मजबूत होगी और आय में वृद्धि की उम्मीद है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में गरीब और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है।









